सावन की शिवरात्रि पर बम बम के गुंजायमान उद्घोषों के बीच हुआ जलाभिषेक

सावन की शिवरात्रि पर बम बम के गुंजायमान उद्घोषों के बीच हुआ जलाभिषेक
ऋषिकेश-सावन की शिवरात्रि का पर्व देशभर के साथ देवभूमि ऋषिकेश में भी बेहद श्रद्वापूर्वक मनाया गया।
शुक्रवार को शिव पर्व पर तमाम मठों ,शिवालयों एवं शिव मंदिरों मैं चारों ओर शिवभक्ति में डूबे लोग हर-हर महादेव एवं ओम नम: शिवाय की जयघोष करते नजर आए। इससे शहर का वातावरण शिवमय बना रहा। शिवालयों में सुबह से ही जलाभिषेक के लिए लोगों की भीड़ उमड़ गई। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रसिद्ध शिवमंदिरों पर उत्सव सरीखे माहौल में श्रद्वालुओं ने महादेव का जलाभिषेक किया।
शिवजी के महापर्व पर जलधारा करने के लिए हाथों में दूध, जल से भरा लोटा और पूजा सामग्री बेल पत्र, धतूरा, दुर्बा, फूल, भांग, फल, शहद, चावल, काले तिल, घी, दही, चंदन, धूप, दीप आदि सामग्री के साथ शिवालयों में श्रद्धालु पहुंचे। बच्चों से लेकर युवा, युवतियां, महिलाएं, पुरुष एवं वृद्ध सभी भगवान शिव की भक्ति में लीन रहे। कई भक्तों ने पंडितों से जापमंत्र भी करवाए।शिवशंकर के प्रति अपार आस्था का नजारा सिर्फ शहर के प्राचीनतम चंदेश्वर महादेव ,सोमेश्वर महादेव एवं वीरभ्रदेश्वर महादेव मंदिर में ही नहीं देखा गया, बल्कि देवभूमि के हर शिवालयों में रहा। पौराणिक मान्यता है कि सावन की शिवरात्रि पर जलाभिषेक करने से महादेव प्रसन्न होते हैं और अपने भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण करते हैं।