कोरोना संक्रमित उत्तराखंड की राज्यपाल को एम्स से मिली छुट्टी

कोरोना संक्रमित उत्तराखंड की राज्यपाल को एम्स से मिली छुट्टी
ऋषिकेश-अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश में कोरोना संक्रमित होने के बाद उपचारार्थ भर्ती हुई उत्तराखंड की महामहिम राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और उनकी सास को शनिवार एम्स से छुट्टी दे दी गई है।
शनिवार 10:45 बजे राज्यपाल यहां से राजभवन के लिए रवाना हो गई है। राज्यपाल को बीती 23 नवंबर को एम्स में भर्ती किया गया था। देहरादून में उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यह जानकारी उन्होंने स्वयं ट्वीट करके दी थी।
राज्यपाल के साथ उनकी सास की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी, उन्हें भी यहां भर्ती किया गया था। राज्यपाल को एम्स ऋषिकेश में उपचार के लिए लाया गया था। हॉस्पिटल प्रशासन के प्रोफेसर यूबी मिश्रा ने बताया कि यहां पांच दिन राज्यपाल पांच चिकित्सकों की टीम की निगरानी में रही। हालांकि चार दिन पूर्व एम्स में भी उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। साथ ही उनके रक्त की जांच में कोई नया लक्षण नहीं मिला। इस बीच उनकी सेहत में निरंतर सुधार होता रहा। प्रोफ़ेसर मिश्रा ने बताया कि राज्यपाल को पॉजिटिव हुए 10 दिन से अधिक हो गया है इसलिए निर्धारित गाइडलाइन का पालन करते हुए उन्हें एम्स से छुट्टी दे दी गई है। वह अपने आवास पर निर्धारित अवधि के लिए आइसोलेट रहेंगी।